टीनएजर बच्चों के लिए AI उनके सीखने, कुछ नया बनाने और अपने आस-पास की दुनिया को समझने का एक अहम हिस्सा बनता जा रहा है. टेक्नोलॉजी के लगातार विकसित होने के कारण माता-पिता के लिए अपने बच्चों के ऑनलाइन अनुभवों की अप-टू-डेट जानकारी रखना मुश्किल हो सकता है. लेकिन अच्छी बात यह है कि अपने टीनएजर बच्चे के साथ AI के बारे में सार्थक बातचीत करने के लिए आपका AI एक्सपर्ट होना ज़रूरी नहीं है. आपको बस उत्सुक रहना होगा, खुलापन रखना होगा और उनकी बात सुनने के लिए तैयार रहना होगा. अभी आप जो सबसे ज़रूरी चीज़ कर सकते हैं, वह है बातचीत शुरू करना.हमने साइबर-बुलीइंग रिसर्च सेंटर के साथ मिलकर बातचीत शुरू करने के लिए ऐसे सवाल तैयार किए हैं, जो आप अपने टीनएजर बच्चे से पूछ सकते हैं, ताकि आप उनके साथ उनके AI अनुभवों के बारे में उन्हें जज किए बिना बात कर सकें. हर सवाल के साथ गाइडेंस भी दिया गया है, जिसमें बताया गया है कि वह सवाल क्या जानने के लिए बनाया गया है और उसे किस तरह से पूछा जाना चाहिए.
1. AI किस काम में आपके लिए सबसे ज़्यादा उपयोगी साबित हुआ है?
सकारात्मक तरीके से शुरुआत करें. टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने के तरीकों को लेकर टीनएजर बच्चों को पहले ही वयस्कों की ओर से बहुत कुछ बुरा-भला सुनना पड़ता है. इसलिए अगर आप सच्ची उत्सुकता के साथ बातचीत की शुरुआत करेंगे, तो उससे पूरी बातचीत का माहौल बदल सकता है. यहाँ आपको किसी जवाब की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. बस सुनें. अगर आपका टीनएजर बच्चा आपकी बात को टाल दे या कहे कि उसे आपके सवाल का जवाब नहीं पता है, तो उसे बताएँ कि आप बस यह जानना चाहते हैं कि क्या AI ने कभी स्कूल में कुछ सीखने में या किसी सवाल का जवाब पाने में उसकी मदद की है. उसे सोचने के लिए प्रोत्साहित करें. आपका बच्चा आपको जो भी बताएगा, उससे आपको पता चलेगा कि वह इन टूल का उपयोग कैसे करता है.2. क्या तुमने कभी ऐसा कुछ सुना है कि AI की वजह से कोई किसी दिलचस्प स्थिति में फँस गया हो? जैसे कि स्कूल में या किसी दोस्त के साथ?
अपने टीनएजर बच्चे के दोस्तों या क्लासमेट के बारे में पूछना लगभग हमेशा ही उनकी पसंद के बारे में सीधे पूछने की तुलना में ज़्यादा आसान होता है. ज़्यादातर लोगों के पास ऐसी कोई कहानी ज़रूर होती है या कम से कम उन्होंने अपने दोस्तों के बीच ऐसी कोई कहानी सुनी होती है. इसके बाद, आप उनसे जान सकते हैं कि उन्होंने इस बारे में क्या सोचा और वे इस स्थिति में क्या करते. यह कुछ महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानने का अच्छा मौका होता है, जैसे पढ़ाई-लिखाई में ईमानदारी, ज़रूरत से ज़्यादा जानकारी शेयर करना या किसी को किस समय AI की बजाय किसी व्यक्ति से मदद माँगनी चाहिए. आप उनसे बहुत ज़्यादा पूछताछ नहीं कर रहे हैं. आप बस उस ऑनलाइन दुनिया को बेहतर ढंग से समझना चाहते हैं, जिसमें वे रह रहे हैं.3. अगर AI ने कभी कुछ ऐसा कहा हो, जिससे तुम्हें असहजता महसूस हुई हो या अजीब लगा हो, तो क्या तुम मुझे उसके बारे में बताओगे?
यह ऐसे सबसे महत्वपूर्ण सवालों में से एक है, जिसे आप पूछ सकते हैं. यहाँ आप अपने टीनएजर बच्चे को परमिशन और प्रोत्साहन दे रहे होते हैं कि वे आपके पास आकर आपसे खुलकर बातचीत कर सकते हैं. इसके बाद, तुरंत उन्हें याद दिलाएँ कि आप गुस्सा नहीं करेंगे और आप बस यह जानना चाहते हैं ताकि आप दोनों मिलकर यह सोच सकें कि इसका जवाब क्या देना है. अगर आपका टीनएजर बच्चा आपको सही जवाब नहीं दे रहा है या इस बात को टाल रहा है, तो ज़्यादा दबाव न डालें. सवाल को वहीं छोड़ दें. आपने एक बीज बोया है और वह बीज चाहे कितना भी छोटा क्यों न हो, वह उस पल में अहमियत रखता है.4. क्या कोई ऐसी चीज़ है, जो तुम AI को कभी नहीं बताना चाहोगे? जैसे कि क्या तुम कुछ चीज़ों को प्राइवेट रखना चाहोगे?
काफ़ी लोगों ने इस बारे में नहीं सोचा होगा. उन्हें क्या शेयर करना चाहिए और क्या नहीं, इसका फ़ैसला वे तुरंत ही लेते हैं और ऐसे में कई बार वे यह फ़ैसला सोच-समझकर नहीं ले पाते हैं. इससे पहले कि आपका टीनएजर बच्चा कुछ ऐसा शेयर कर दे, जिससे उसे बाद में पछतावा हो, आपके लिए यह चर्चा कर लेना बेहतर रहेगा. खुलकर बातचीत की शुरुआत करें. आप यह बता सकते हैं कि AI में टाइप करते समय वह इस बात का ध्यान रखे कि सिस्टम बाद में चैट के पुरानों हिस्सों का रेफ़रेंस ले सकता है. और यह कि भले ही उस समय ऐसा लगता हो कि हम अकेले में सिर्फ़ एक बॉट से बात कर रहे हैं, लेकिन यह याद रखना चाहिए कि हम जो कुछ भी शेयर करते हैं, वह डेटा कहीं न कहीं मौजूद रहता है. इसलिए सोच-समझकर डेटा शेयर करने में ही समझदारी है. इसके बाद अपने टीनएजर बच्चे के विचारों को सुनें. यहाँ कोई जवाब सही या गलत नहीं होता और ज़्यादातर लोगों के लिए यह परिस्थिति के अनुसार अलग-अलग हो सकता है. अगर आप अपनी ओर से यह दिखाएँगे कि खुद आपको भी अब तक सब कुछ नहीं पता है, तो आपकी बातचीत सच्ची और प्रासंगिक लगेगी.5. क्या तुमने कभी AI से कोई सवाल इसलिए पूछा है, क्योंकि तुम्हें AI से पूछना किसी व्यक्ति से पूछने की तुलना में आसान लगा?
अगर आपका टीनएजर बच्चा इस सवाल का जवाब देता है, तो उसे दो बातें साफ़ तौर पर समझाएँ. पहली यह कि वह आप पर हमेशा भरोसा कर सकता है और आप उसे जज नहीं करेंगे. और दूसरी यह कि अगर वह कुछ चीज़ों को खुद या अपने दोस्तों के साथ मिलकर समझना चाहता है, तो उसमें कोई परेशानी नहीं है. यह बड़े होने का एक हिस्सा है और इसमें AI की क्या भूमिका है, इस बारे में बात करना एकदम सामान्य बात है. बस उसे याद दिलाएँ कि AI हमेशा सही नहीं होता है और यह टेक्नोलॉजी अब भी डेवलप हो रही है. कुछ बहुत महत्वपूर्ण मामलों में किसी ऐसे व्यक्ति से खुलकर बात करना फ़ायदेमंद होता है, जिसे वे असल दुनिया में जानते हों और भरोसा करते हों.6. क्या तुम्हें पता है कि Meta AI असल में वयस्कों की तुलना में तुम्हारी उम्र के लोगों के लिए अलग तरीके से काम करता है?
ध्यान रखें कि Meta AI को इस तरह सेट किया गया है कि कुछ विषयों को टीनएजर बच्चों के लिए अलग तरह से मैनेज किया जा सके. कुछ सवालों को रीडायरेक्ट किया जाएगा और कुछ विषयों पर Meta AI कोई भी जवाब नहीं देगा. उदाहरण के लिए, मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषयों के लिए, Meta AI को इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि वह चैट करने की बजाय यूज़र को बाहरी रिसोर्स पर ले जाए. जो कुछ आपको पता है वह आप बताएँ, फिर आपके टीनएजर बच्चे को जो कुछ पता है, उसे वह बताने दें. हो सकता है कि उन्होंने इस बारे में कुछ सोचा हो. अगर उसने ऐसा नहीं किया है, तो आपने उसे सोचने का रास्ता दे दिया है.7. मैंने देखा है कि तुम हाल-फ़िलहाल [विषय] को ज़्यादा सर्च कर रहे हैं. तुमने इस विषय पर क्या सोचा है?
फ़ैमिली सेंटर के ज़रिए, आप यह देख सकते हैं कि आपके टीनएजर बच्चे ने पिछले सात दिनों में Meta AI पर किन विषयों के बारे में जानने की कोशिश की है, जैसे स्वास्थ्य और अच्छी सेहत, टेक्नोलॉजी या यात्रा. उनमें बहुत अलग-अलग तरह के विषय शामिल हो सकते हैं और कोई एक विषय देखने से यह पता नहीं चलता कि उसने असल में क्या पूछा था. बल्कि इन विषयों की जानकारी होने से आपको बातचीत की शुरुआत करने में मदद मिल सकती है. खुद से इन विषयों को देखने के बजाय, इन्हें अपने टीनएजर बच्चे के साथ मिलकर देखें. इसे एक शेयर्ड एक्टिविटी बनाने से उन्हें ऐसा नहीं लगेगा कि आप उन्हें कुछ गलत काम करते हुए पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं. आपका लक्ष्य उन चीज़ों में वाकई दिलचस्पी दिखाना है जिनकी वे परवाह करते हैं, न कि उनके खिलाफ़ कोई केस बनाना है. अगर कोई संवेदनशील बात आती है, तो घबराहट न दिखाएँ. उसका उपयोग बस अपनी बातचीत को आगे बढ़ाने के अवसर के तौर पर करें. इस टूल के बारे में ज़्यादा जानकारी Meta हेल्प सेंटर में मौजूद है.8. क्या AI ने कभी आपको कोई ऐसी जानकारी दी है, जो बाद में गलत साबित हुई?
AI कभी-कभी मनगढ़ंत जवाब बना लेता है और वह ऐसा पूरे आत्मविश्वास के साथ करता है. आपका टीनएजर बच्चा पहले से ही इसके लिए उपयोग किया जाने वाला शब्द जानता होगा: “हैलुसिनेशन.” वैसे तो समय के साथ-साथ AI मॉडल बेहतर होते जा रहे हैं, लेकिन हैलुसिनेशन के मामले अब भी सामने आते रहेंगे. यह ध्यान देना ज़रूरी है कि आपका टीनएजर बच्चा यह समझे कि AI कोई सर्च इंजन नहीं है और AI द्वारा दी गई जानकारी को अच्छी तरह से चेक करना अच्छा और स्टैंडर्ड तरीका होता है. अगर वे कहते हैं कि उन्होंने कभी उसे मनगढ़ंत जवाब देते नहीं देखा है, तो उनसे पूछें कि अगर AI ने कभी ऐसा किया भी होगा, तो उन्हें पता कैसे चला होगा. उन्हें यह भी सोचने के लिए कहें कि क्लास में, दोस्तों के सामने या किसी असाइनमेंट में पूरे आत्मविश्वास से ऐसी कोई जानकारी शेयर करना कितना शर्मिंदगी भरा हो सकता है, जिसके बारे में आपको बाद में पता चले कि AI का जवाब मनगढ़ंत था.9. स्कूल के काम के लिए AI का उपयोग करने के बारे में तुम्हारे टीचर्स की क्या राय है? तुम्हारे दोस्तों के हिसाब से क्या करना ठीक है और क्या करना ठीक नहीं है? आपके हिसाब से इसकी सीमा कहाँ क्या है?
दूसरों के बारे में सवाल पूछने से आपके टीनएजर बच्चे को ज़्यादा दबाव महसूस नहीं होता है. हम चाहते हैं कि वे इस बारे में सोचें कि AI का उपयोग करके सोच-विचार करने और AI का उपयोग करके अपना काम करने के बीच में क्या अंतर है. इसका जवाब आसान नहीं है, इसलिए आप दोनों को इस बारे में बात करनी चाहिए. याद रखें कि इस विषय पर अपना खुद का नज़रिया आगे बढ़ाने की बजाय उनका नज़रिया जानने की कोशिश करें. आप उनके साथ पूरी तरह से सहमत हो सकते हैं और आप उनके विचारों से थोड़ी असहमति भी दिखा सकते हैं. और वे भी ऐसा कर सकते हैं. इससे बातचीत सार्थक और उपयोगी हो जाती है.10. AI एक ऐसी चीज़ है, जिसके बारे में अक्सर सभी लोग बात करते रहते हैं. क्या आपने इस बारे में कुछ ऐसा सुना या पढ़ा है, जिससे आपको परेशानी या चिंता महसूस होती है या जिसे आप अभी बिल्कुल भी नहीं समझते हैं?
इस सवाल पर आपको ऐसा लग सकता है कि आपके पास उनके हर सवाल का जवाब होना चाहिए. ऐसा ज़रूरी नहीं है. हम एक बदलाव के दौर से गुज़र रहे हैं और इसलिए अब भी हम इसके बारे में ज़्यादा कुछ नहीं जानते. हमारी कोशिश है कि हम एक ऐसा सुरक्षित माहौल बनाएँ, जहाँ समाज और हमारी ज़िंदगी में AI की बढ़ती मौजूदगी के बारे में अभी और भविष्य में खुलकर बातचीत की जा सके. जो भी चीज़ आपको चिंताजनक लगती है या आपको परेशान करती है, उसके बारे में बेझिझक बात करें. हो सकता है कि आपके टीनएजर बच्चे के पास इस बारे में ऐसा कोई नज़रिया हो, जिससे आपको इससे संबंधित अपनी भावनाओं को समझने में मदद मिल सके. सब कुछ पूरी तरह समझ में नहीं आने में भी कोई समस्या नहीं है और उम्मीद है कि आपका परिवार समय के साथ इन सवालों के जवाब ढूँढ सकता है.11. मुझे इस बारे में ज़्यादा नहीं पता कि आप AI का उपयोग कैसे करते हैं. क्या आप मुझे दिखाएँगे कि यह कैसे काम करता है?
जब आप अपने टीनएजर बच्चे से कुछ सिखाने को कहते हैं, तो बातचीत की दिशा पूरी तरह बदल जाती है, क्योंकि तब आप उन्हें नहीं सिखाते, बल्कि वे आपको सिखाने के रोल में होते हैं. अगर आप उससे सही समय पर बात करते हैं, तो आपका टीनएजर बच्चा आपसे अच्छे से बात करेगा. इससे आपको यह पता चल सकता है कि वे असल में इन टूल का उपयोग कैसे करते हैं और आपके लिए किसी अन्य तरीके से यह जानकारी पाना बहुत मुश्किल होता. आप उनके साथ उनकी पसंदीदा कॉफ़ी या आइसक्रीम शॉप पर जा सकते हैं और साथ में बैठकर कुछ खाते हुए वे आपको बता सकते हैं कि उन्होंने AI को कैसे अपनाया और उसका फ़ायदा कैसे उठाया. अगर वे तुरंत इस बारे में बात करने के लिए तैयार हैं, तो तुरंत बातचीत करें. आपको अपने टीनएजर बच्चे की दुनिया के बारे में जानने का कोई भी मौका हाथ से नहीं जाने देना चाहिए.फ़ीचर्स और टूल्स
संबंधित रिसोर्स
वर्चुअल रिएलिटी के बारे में बताने वाली फ़ैमिली गाइड
और पढ़ें